राजस्व मंत्री ने निगुलसरी विश्राम गृह सभागार में 45 बीपीएल परिवारों को इंडक्शन हीटर वितरित किए

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 14 जुलाई ।राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां निचार उपमंडल के निगुलसरी विश्राम गृह के सभागार में जलग्रहण क्षेत्र उपचार योजना के तहत 45 बीपीएल परिवारों को इंडक्शन हीटर व प्लास्टिक बाल्टी वितरित किए। इन बीपीएल परिवारों में 30 परिवार तरांडा पंचायत व 15 परिवार चौरा पंचायत से संबंधित हैं।

श्री जगत सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार निर्धन एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू समावेशी समाज के निर्माण में सदैव प्रयासरत हैं ताकि व्यवस्था परिवर्तन के दौर में हर वर्ग एवं हर क्षेत्र का समान विकास संभव हो सके।

कैबिनेट मंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन को प्रदेश की वित्तीय दुर्दशा के लिए जिम्मेदार ठहराया तथा केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून में बदलाव करने को गरीब विरोधी बताया। इसके अतिरिक्त, राजस्व घाटा अनुदान को अनुच्छेद 275 के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य का संवैधानिक अधिकार बताया और इस अनुदान को समाप्त करने के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने इस केंद्र सरकार के भेदभावपूर्ण निर्णय पर प्रदेश के भाजपा के सात राज्य सभा व लोक सभा सांसदों की चुप्पी को प्रदेश के साथ विश्वासघात बताया।

जनजातीय विकास मंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनी और उनका मौके पर ही त्वरित निवारण भी किया।
इस अवसर पर उप मंडलाधिकारी निचार सुश्री नेहा नेगी, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, राज्य सेवादल की उपाध्यक्ष तारा मुयान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: