अम्ब में आयोजित हुआ आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर, 212 लोगों ने लिया स्वास्थ्य शिविर का लाभ

अम्ब में आयोजित हुआ आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर, 212 लोगों ने लिया स्वास्थ्य शिविर का लाभ

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (अम्ब/ऊना) 23 सितंबर। आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को आमजन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को रामलीला मैदान, अम्ब में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। यह स्वास्थ्य शिविर 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य पर आयुष विभाग द्वारा आयोजित किया गया। शिविर में 212 लोगों ने स्वास्थ्य जांच एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

शिविर में श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने शिविर में उपलब्ध विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं पंचकर्म सेवाओं का अवलोकन किया तथा आयुर्वेद की पारंपरिक उपचार पद्धतियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक ने स्वयं शिरोधारा उपचार का अनुभव भी लिया।

विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि आयुष विभाग द्वारा आयोजित ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद हमारी समृद्ध पारंपरिक चिकित्सा पद्धति है, जो रोगों की रोकथाम के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल देती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के लोगों को भी उनके घरद्वार के समीप स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

एसडीएएमओ डॉ. राजेश ने बताया कि शिविर के दौरान लोगों को विभिन्न आयुर्वेदिक एवं पंचकर्म उपचार सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इनमें शिरोधारा, जलौका द्वारा रक्तमोक्षण, अग्निकर्म तथा स्थानिक स्वेदन जैसी उपचार पद्धतियां प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार प्रदान किया गया।

उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद के महत्व, रोगों की रोकथाम, संतुलित एवं उचित आहार-विहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया गया। लोगों को दैनिक जीवन में स्वास्थ्यवर्धक आदतों को अपनाने तथा आयुर्वेद की उपयोगी पद्धतियों के बारे में जानकारी दी गई।

शिविर में आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सावधानियों एवं जीवनशैली संबंधी सुझाव दिए।

इस अवसर पर एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण, बीडीओ ओम पाल, एसडीएएमओ डॉ. राजेश सहित आयुष विभाग के चिकित्सक, विशेषज्ञ एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: