पनोह पंचायत में मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

पनोह पंचायत में मशरूम उत्पादन का 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 23 सितंबर। यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर द्वारा पनोह पंचायत में मशरूम उत्पादन पर 10 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों तथा बीपीएल परिवारों से 31 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक एवं अग्रणी जिला प्रबंधक चन्द्र शेखर यादव ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने प्रतिभागियों का आह्वान किया कि वे मशरूम उत्पादन को स्वरोजगार के रूप में अपनाकर अपनी आजीविका का साधन बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा विभिन्न गतिविधियों में निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा संचालित है तथा 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के ग्रामीण युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों में प्रशिक्षण प्रदान करता है। संस्थान द्वारा ड्रेस डिजाइनिंग, ब्यूटी पार्लर, रेशम कीट पालन, मशरूम उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, बैग निर्माण, खिलौना निर्माण, कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी, मोटर ड्राइविंग सहित विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण दिया जाता है।

इस अवसर पर चन्द्र शेखर यादव ने बैंकों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने अटल पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना तथा विभिन्न बीमा योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए बैंकों के माध्यम से मुद्रा ऋण, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना, स्टैंड अप इंडिया सहित विभिन्न ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, बिलासपुर में जल्द ही ब्यूटी पार्लर और सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इच्छुक प्रशिक्षणार्थी संस्थान में आकर आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 8988818600 पर संपर्क कर भी पंजीकरण करवाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: